नई दिल्ली: ई कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट अब आदित्य बिरला फैशन एंड रिटेल (ABFRL) में 7.8 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है. यह पूरी डील 1500 करोड़ रुपये की होगी. यह डील 205 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की जाएगी. कंपनी ने बीएसई को यह जानकारी दी है. पैंटालून, एलन सोली और पीटर इंग्लैड जैसे ब्रांड ABFRL के ही हैं. बता दें कि पहले भी यह खबर आई थी कि फ्लिपकार्ट और अमेजन ABFRL में छोटी हिस्सेदारी खरीद सकते हैं.
डील के बाद फ्लिपकार्ट की आदित्य बिरला फैशन एंड रिटेल में फुली डाइल्यूटेड बेसिस पर 7.8 फीसदी हिस्सेदारी होगी. जबकि प्रमोटर्स और प्रमोटर्स ग्रुप कंपनीज की हिस्सेदारी ABFRL में 55.13 फीसदी होगी.
आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि यह साझेदारी भारत की विकास क्षमता को दिखाता है. भारत में अपैरल इंडस्ट्री की मजबूत संभावनाएं हैं और यह डील हमारे इस भरोसा को और मजबूत करती है. अगले 5 साल में भारत की अपैरल इंडस्ट्री का साइज 100 बिलियन डॉलर यानी 10,000 करोड़ डॉलर को छूने के लिए तैयार है.
आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल की ओर से कहा गया है कि वह इस डील से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल अपनी बैलेंस शीट को मजबूत करने और अपनी विकास गति को तेज करने के लिए करेगा. कंपनी ने अपने मौजूदा व्यवसायों को एग्रेसिव तरीके से आगे बढ़ाने की योजना बनाई है. खासकर उन बिजनेस को जहां कंपनी लीडिंग पोजिशन में है, उसका और विस्तार किया जाएगा.

