11 नवंबर को लॉन्च होने वाली ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी की नई डिजायर के फीचर्स लीक हो गए हैं। नई मारुति डिजायर एक मॉडर्न सेडान है। इसका लुक काफी प्रीमियम है और कार का रोड प्रेजेंस मस्कुलर है। मारुति सुजुकी की डिजायर देश की टॉप-10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल है।
नई डिजायर में बड़ी फ्रंट ग्रिल दी गई है जिसमें 6 प्रॉमिनेंट वर्टिकल स्लैट्स हैं। एलईडी हेडलाइट्स का नया लुक काफी खूबसूरत है। फ्रंट बंपर में फॉग लैंप्स भी लगाए गए हैं। नई मारुति डिजायर में डुअल टोन एलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा वाई-शेप्ड एलईडी टेल लैंप्स के साथ रियर स्पॉयलर है। इसमें बूट लिड पर क्रोम गार्निशिंग है। नई मारुति डिजायर में डुअल टोन ब्लैक और बेज इंटीरियर है।
टॉप वेरिएंट में 9-इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन, सिल्वर फिनिश के साथ सेंट्रल एयर कंडीशनिंग वेंट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और नए डिजाइन का थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है। इसमें सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और प्रीमियम लेदर अपहोल्स्ट्री भी मिलती है। इस कार में आपको 6 एयरबैग, हिल-होल्ड असिस्ट, ESP, रिवर्स पार्किंग कैमरा, ABS के साथ EBD और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर जैसे कई सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे।
कार के इंजन की बात करें तो यह स्विफ्ट जैसा ही है। इसमें 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z-सीरीज नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 81 bhp की पावर और 111.7 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। मारुति सुजुकी ने इस चौथी जनरेशन की डिजायर के लिए प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। ग्राहक 11,000 रुपये टोकन मनी देकर इस कार को बुक कर सकते हैं या फिर मारुति सुजुकी की आधिकारिक वेबसाइट या मारुति सुजुकी एरेना शोरूम पर जाकर कार बुक कर सकते हैं।

