नई दिल्ली: कोरोना काल में देश से कृषि उत्पादों के निर्यात में जोरदार उछाल आया है। बीते महीने सितंबर में भारत ने पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले करीब 82 फीसदी ज्यादा कृषि से प्राप्त आवश्यक वस्तुओं का निर्यात किया है। यह जानकारी शनिवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से एक आधिकारी बयान में दी गई।
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कृषि निर्यात में 43.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और यह आंकड़ा 53,626.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह निर्यात पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 37,397.3 करोड़ रुपये रहा था। सितंबर 2020 में कृषि निर्यात सितंबर 2019 के 5,114 करोड़ रुपये से 81.7 प्रतिशत बढ़कर 9,296 करोड़ रुपये हो गया।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के सरकार के लगातार और ठोस प्रयास परिणाम दिखा रहे हैं, क्योंकि कोविड-19 संकट के बावजूद अप्रैल-सितंबर 2020 की अवधि में आवश्यक कृषि वस्तुओं के निर्यात में 43.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और 53,626.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।’ अप्रैल से सितंबर के दौरान मूंगफली के निर्यात में 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

