अपनी संपत्ति की वजह से अनैतिक होने की आलोचना का सामना करने के बाद अमेरिका की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी टेस्ला (Tesla) के CEO और दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) ने अपनी अपार दौलत को लेकर विरोधियों को जवाब देने के लिए ट्विटर का सहारा लिया है। एलन मस्क ने अपनी बेतहासा संपत्ति का बचाव करते हुए एक लेख का जवाब दिया है, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका के सीनेटर बर्नी सैंडर्स (Bernie Sanders) का हवाला दिया गया था।
बार्नी ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा, हम अमेरिकी इतिहास में एक ऐसे क्षण में हैं जहां दो लोग- एलन मस्क और जेफ बेजोस के पास इस देश में नीचे रहने वाले 40 प्रतिशत लोगों की तुलना में अधिक संपत्ति है। लालच और असमानता का यह स्तर न केवल अनैतिक है, बल्कि अस्थिर भी है। इस पर पलटवार करते हुए मस्क ने कहा कि मैं जीवन को बहुसांस्कृतिक बनाने और सितारों में चेतना के प्रकाश का विस्तार करने में मदद करने के लिए संसाधनों को जमा कर रहा हूं।
बता दें कि ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अमेजन के जेफ बेजोस के बाद मस्क अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं, जिनकी संपत्ति 178 बिलियन डॉलर है। इस बीच चीनी सेना ने टेस्ला की कारों को अपने परिसर में घुसने से रोक दिया है। चीनी सेना के मुताबिक, टेस्ला की कारों में लगे कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था को खतरा हो सकता है। चीन के इस फैसले के बाद मस्क ने कहा है कि अगर उनकी कारों का इस्तेमाल जासूसी के लिए किया जाता है तो उनकी कंपनी बंद हो सकती है। टेस्ला की वैश्विक बिक्री में चीन की हिस्सेदारी 30 फीसदी है।

