वैश्विक मार्केट में गिरावट के संकेतों के बावजूद घरेलू शेयर बाजार सप्ताह के आखिरी सत्र में मजबूती के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स सेंसेक्स आज सुबह 324.88 अंक की उछाल के साथ 72046.06 के लेवल पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क निफ्टी भी 83.7 अंक की बढ़त के साथ 21730.90 के स्तर पर खुला। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 72095 और निफ़्टी 21751 के लेवल पर कारोबार करता नज़र आ रहा था.
निफ्टी बैंक ने भी 55.35 अंक की बढ़त के साथ 47493.70 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही निफ्टी पर इन्फोसिस, टीसीएस, विप्रो, एलटीआईमाइंडट्री और टेक महिंद्रा प्रमुख लाभ वाले शेयरों में दिखे, वहीँ नेस्ले इंडिया, एचयूएल, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल नुक्सान में नज़र आ रहे हैं। स्टॉक मार्केट में निवेशकों की नजर आज आईआईपी और सीपीआई जैसे व्यापक आर्थिक आंकड़ों पर होगी। शेयर बाजार में आज सबसे ज़्यादा एक्टिविटी वाले शेयरों में इनफ़ोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, रिलायंस, विप्रो और एचसीएल टेक नज़र आ रहे हैं.
एशियाई बाजारों की बात करें तो इसमें मिश्रित कारोबार हुआ, अमरीकी बाज़ारों की बात करें तो फेड अधिकारियों की टिप्पणियों के चलते निवेशकों ने इस साल अमेरिकी फेडरल रिजर्व से किसी भी दर में कटौती के समय और आकार की उम्मीदों को कम कर दिया और अमेरिकी शेयर सूचकांक रातोंरात गिरावट के साथ बंद हुए. वहीँ एशियाई बाज़ारों की बात करें तो नरमी के संकेत ही मिल रहे हैं. GIFT NIFTY, Nikkei 225, Straits Times, Hang Seng, Taiwan, KOSPI SET Composite, Jakarta Compositeऔर Shanghai Composite, सभी में नरमी या फिर न्यूट्रल रुख दिख रहा है.

