दुनिया को सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमत रेकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के साथ ही सभी क्रिप्टोकरेंसीज की टोटल मार्केट वैल्यू पहली बार एक लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गई है। बिटकॉइन की कीमत गुरुवार को पहली बार 40 हजार डॉलर के पार पहुंच गई। पिछले साल मार्च में इसकी कीमत 3850 डॉलर पर आ गई थी लेकिन उसके बाद से इसमें 900 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है।
स्टीम्युलस पर भारी खर्च से महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है जिससे निवेशक बिटकॉइन का रुख कर रहे हैं। मेनस्ट्रीम इनवेस्टर्स के बीच बिटकॉइन की लोकप्रियता बढ़ रही है। इस क्रिप्टोकरेंसी के प्रति उनका भरोसा बढ़ता जा रहा है। ब्लॉकचेन के बारे में निवेशकों को डेटा देने वाली फर्म चेनलिंक के फाउंडर सर्गेई नजारोव ने कहा कि परंपरागत संस्थाओं में भरोसे की कमी के कारण क्रिप्टोकरेंसीज में तेजी आ रही है। नजारोव ने कहा कि इंडस्ट्री के बाहर के लोग इसे उपलब्धि मान सकते हैं कि किप्टोकरेंसी मार्केट की वैल्यू एक लाख करोड़ डॉलर पहुंच गई है। लेकिन हमारे लिए यह अभी शुरुआती दौर है।

