कोलकाता: बहुत सी इंडस्ट्रीज का बिजनेस कोरोना वायरस के कारण घटने की आशंका है, लेकिन देश की तीन प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों को इससे फायदा हो सकता है। देशभर में कंपनियां अपने एंप्लॉयीज से वर्क फ्रॉम होम के लिए कह रही हैं और इससे डेटा की खपत आने वाले सप्ताहों में बढ़ सकती है।
एनालिस्ट्स और इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स का कहना है कि इससे रिलायंस जियो इंफोकॉम, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के लिए होम ब्रॉडबैंड और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) सर्विसेज की डिमांड में तेजी आएगी।
एनालिस्ट्स का अनुमान है कि अगली दो तिमाहियों में तिमाही-दर-तिमाही आधार पर डेटा की खपत 15 पर्सेंट बढ़ सकती है। इससे टेलीकॉम कंपनियों की रेवेन्यू ग्रोथ कम से कम 5 पर्सेंट अधिक होगी। यूजर्स के मोबाइल रिचार्ज भी अधिक करने की संभावना है क्योंकि वे ऐसी स्थिति में अपने डेटा का अधिक इस्तेमाल कर सकते हैं।
हालांकि, टेलीकॉम कंपनियों को स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस/एंटरप्राइसेज (SME) से मिलने वाले बिजनेस में कुछ कमी आने की भी आशंका है क्योंकि आर्थिक माहौल अनिश्चित होने के कारण ये बल्क डेटा कनेक्शन खरीदने से बच सकते हैं।
भारती एयरटेल के पूर्व सीईओ संजय कपूर ने ईटी को बताया, ‘बड़ी टेलीकॉम कंपनियों को इससे अधिक फायदा होगा क्योंकि ऐसी स्थिति में सामाजिक तौर पर दूरी बढ़ने से वर्चुअल प्लेटफॉर्म्स का अधिक इस्तेमाल होगा।’
उन्होंने कहा कि डेटा की खपत में निश्चित तौर पर बढ़ोतरी होगी। इससे तीनों प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियों को रेवेन्यू बढ़ाने का मौका मिलेगा।

