वाशिंगटन: अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) का मानना है कि कोविड-19 संक्रमण का लगातार प्रसार भारत के वृद्धि दर के अनुमान के लिए सबसे बड़ा जोखिम है।
आईएमएफ के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि भारत में यह स्वास्थ्य संकट अभी तक नियंत्रण में नहीं आया है। आईएमएफ ने कहा कि भारत के निकट भविष्य के वृद्धि दर परिदृश्य पर वैश्विक और घरेलू मोर्चे पर सुस्ती और कोरोना वायरस को लेकर अनिश्चितता की वजह से जोखिम के बादल मंडरा रहे हैं।
आईएमएफ ने हाल में अपनी एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया है कि 2020 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 4.5 प्रतिशत की गिरावट आएगी। आईएमएफ के एशिया एवं प्रशांत विभाग के निदेशक चांग यान्ग री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा जोखिम कोविड-19 का लगातार प्रसार है, क्योंकि अभी तक यह स्वास्थ्य संकट नियंत्रण में नहीं आया है। इसके अलावा महामारी पर अंकुश के लिए अतिरिक्त लॉकडाउन लगाने की जरूरत पड़ सकती है। वायरस को लेकर चिंता से उपभोक्ताओं का भरोसा डगमगा सकता है और अर्थव्यवस्था में सुधार में विलंब हो सकता है।

