नई दिल्ली: कोरोना वायरस के चलते चीन से माल की सप्लाई कम होने से भारत के बाजारों में मोबाइल और कंप्यूटर अक्सेसरीज के दाम 100 पर्सेंट तक बढ़ गए हैं। कुछ आइटम ढूंढने से भी नहीं मिल रहे। इम्पोर्टर्स और ट्रेडर्स का कहना है कि अगर 10 मार्च तक सप्लाई बहाल नहीं हुई तो हालात बदतर हो सकते हैं। हालांकि, चीन के कुछ शहरों से इम्पोर्ट सीमित स्तर पर शुरू हो गया है, लेकिन अब घरेलू ग्राहकों के सतर्कता बरतने से डिमांड पर असर पड़ा है।
नेहरू प्लेस में कंप्यूटर डिस्प्ले, माउस, की-बोर्ड, बैट्री, चार्जर से लेकर गफ्फार मार्केट में मोबाइल कवर्स, स्क्रीन गार्ड, पावर बैंक, डेटा केबल, ईयर फोन, मेमरी कार्ड की थोक कीमतें और उसी के समानांतर रिटेल कीमतें दिसंबर के मुकाबले डेढ़ से दोगुना बढ़ गई हैं।
ऑल दिल्ली कंप्यूटर ट्रेडर्स असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी स्वर्ण सिंह ने बताया कि ज्यादातर अक्सेसरीज चीन से आती हैं और सप्लाई नहीं होने से सभी कंप्यूटर पार्ट्स के दाम औसतन 50% बढ़ गए हैं। स्टॉक कम होने से लोग हाथ खींचकर बिक्री कर रहे हैं, इससे भी कीमतें ऊपर हैं।
मोबाइल रिटेलर्स असोसिएशन के प्रेसिडेंट अरविंदर खुराना ने बताया कि फोन अक्सेसरीज और रिपेयरिंग पार्ट्स के दाम थोक में दो गुने तक पहुंच गए हैं। जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि सप्लाई लाइन कब नॉर्मल होगी, कीमतों का कोई भरोसा नहीं। उन्होंने बताया कि इनपुट की शॉर्टेज से घरेलू मोबाइल कंपनियों और लोकल चाइनीज यूनिटों के नए फोन की कीमत भी 10-15% तक बढ़ी है। हालांकि कंपनियां अभी तक सप्लाई क्रंच छुपाने की कोशिश कर रही हैं।

