नई दिल्ली: कोरोना के कारण जारी तीसरे चरण का लॉकडाउन 17 मई को खत्म हो रहा है। इस दौरान मेट्रो, ट्रेन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और हवाई सेवा पर पाबंदी है। हालांकि ग्रीन जोन में सशर्त बसों को चलने की इजाजत है। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उम्मीद करते हैं कि 17 मई के बाद परिवहन को धीरे-धीरे खोल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हालांकि इस मामले में आखिरी फैसला गृह मंत्रालय को लेना है, लेकिन ट्रांसपोर्टर्स की आर्थिक हालत बिगड़ती जा रही है। उनपर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है, जिसके कारण वे सैलरी देने में अक्षम हो रहे हैं। ऐसे में लाखों रोजगार पर भी खतरा मंडरा रहा है।
नितिन गडकरी MSME मंत्री भी हैं और इस सेक्टर की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि चीन में काम कर रही कंपनियां अपने लिए नए ठिकाने की तलाश में हैं। भारत के लिए यह बहुत बड़ा मौका है। अगर हम इस मौके को भुना लेते हैं तो अपने देश में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आएगा। हमारा मंत्रालय इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है। पिछले दिनों एक रिपोर्ट आई थी जिसमें कहा गया था कि चीन से करीब 1000 कंपनियां भारत में शिफ्ट होना चाहती हैं। सरकार इन कंपनियों से लगातार संपर्क में हैं।

