उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि सुशासन के बल पर निवेश के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बना उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्टेट है। गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में सैमसंग इनोवेशन कैंपस द्वारा आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा, “भारत में निर्मित मोबाइल फोन में अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत है। देश में निर्मित मोबाइल घटकों का 60 प्रतिशत भी उत्तर प्रदेश में बनता है।” उन्होंने कहा, “यह उत्तर प्रदेश में निहित संभावनाओं की ही क्षमता है कि सैमसंग दुनिया का पहला मोबाइल डिस्प्ले प्लांट चीन से भारत और भारत में भी उत्तर प्रदेश लेकर आया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, सैमसंग इंडिया के प्रमुख सीएसआर कार्यक्रम ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ ने गोरखपुर के दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिग डेटा और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) पर पाठ्यक्रमों का सफलतापूर्वक समापन किया। इस अवसर पर परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया, जहां योगी आदित्यनाथ ने छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो 2024 का दूसरा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के व्यापारिक अवसरों के साथ-साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो 25 सितंबर से 29 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस मेले में दुनिया भर के 80 से ज़्यादा देशों से लोग हिस्सा लेने आएंगे। इसके अलावा यहां 2,500 से ज़्यादा स्लॉट लिए जाएंगे। अब तक एक लाख से ज़्यादा व्यापारियों ने यहां आने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड समय में आने के लिए 3 लाख से ज़्यादा लोगों ने आवेदन किया है।

