पिछले हफ्ते भारी गिरावट के बाद आज भारतीय शेयर बाजार ने राहत की सांस ली है । सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स 616 अंक ऊपर 78,658 .67 अंक पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 179 .55 अंक की बढ़त के साथ 23767 .95 अंक पर पहुंच गया है। सेंसेक्स में शामिल शेयरों पर नजर डालें तो टाटास्टील, अल्ट्रासेमको, एलटी, टाटामोटर्स, बजाजफिन्सवी और बाजफाइनेंस में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। वहीं गिरने वाले शेयरों में पावर ग्रिड और जोमैटो शामिल हैं।
बाजार के जानकारों का कहना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इसलिए निवेशकों को काफी सोच-समझकर निवेश करने की जरूरत है। बाजार की चाल काफी हद तक विदेशी निवेशकों पर निर्भर करेगी। अगर विदेशी निवेशक बिकवाली जारी रखते हैं तो फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं अगर बिकवाली रोक दी जाती है तो तेजी लौट सकती है। बता दें कि पिछले सप्ताह सेंसेक्स 4,091.53 अंक टूटा, जबकि निफ्टी 1,180.8 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बाजार में बड़ी गिरावट के कारण सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में पिछले सप्ताह 4,95,061 करोड़ रुपये की गिरावट आई। शेयर बाजार में मंदी के रुख के बीच TCS और RIL को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। पिछला सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में जून 2022 के बाद यह सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट थी। सप्ताह की शुरुआत अमेरिकी केंद्रीय बैंक Fed Reserve की नीति घोषणा से हुई, जिसने बाजार की धारणा को बदल दिया। फेडरल रिजर्व ने 2025 में केवल दो बार ब्याज दरों में कटौती का संकेत दिया है।

