भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली हावी हो गई है, ऐसे में अच्छी खबरें भी इसके किसी काम की नहीं हैं, सोमवार को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन वैश्विक स्तर पर खरीदारी का माहौल रहा और सेंसेक्स निफ्टी की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई लेकिन एक घंटे बाद ही यह सारी बढ़त गायब हो गई और बड़ी गिरावट में बदल गई, बाद में कुछ रिकवरी हुई और बाजार अपने निचले स्तर से काफी ऊपर बंद हुआ, फिर भी गिरावट बड़ी थी। इन दिनों भारतीय शेयर बाजार मंदड़ियों की गिरफ्त में आ गया है और इसीलिए लोग हर तेजी को बाजार से निकलने का मौका समझते हैं।
शेयर बाजार बंद होने तक सेंसेक्स में 600 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। वहीं निफ्टी में भी करीब 200 अंकों की गिरावट देखने को मिली। आज की गिरावट की वजह से शेयर बाजार के निवेशकों को 8.66 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। शेयर बाजार में गिरावट का यह लगातार 6वां दिन है। इस दौरान सेंसेक्स में करीब 4,800 अंकों की गिरावट और निफ्टी में करीब 1400 अंकों की गिरावट देखने को मिली है। वहीं निवेशकों को 25 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
अगर गिरावट वाले शेयरों की बात करें तो एनएसई पर अडानी पोर्ट के शेयरों में 4.24 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। जबकि बीईएल के शेयरों में 3.54 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 3.27 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं कोल इंडिया के शेयरों में 3.18 फीसदी और एनटीपीसी के शेयरों में 3.10 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। बीएसई पर एसबीआई के शेयरों में 3.30 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।

