मुंबई: रिजर्व बैंक की बाजार में नकदी बढ़ाने की घोषणा के बाद बैंकिंग, ऊर्जा तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में तेजी आयी। इसके दम पर शुक्रवार को सेंसेक्स 986 अंक चढ़ गया। रिजर्व बैंक ने कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न संकट के मद्देनजर अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिये शुक्रवार को नये उपायों की घोषणा की।
इनमें रिवर्स रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती कर बैंकों को कर्ज बांटने के लिये अधिक धन उपलब्ध कराना, गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) से जुड़े प्रावधानों को सरल बनाना तथा बैंकों के द्वारा लाभांश के भुगतान पर रोक लगाना शामिल हैं। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 1,116 अंक से अधिक की बढ़त में पहुंच गया।
हालांकि इसने कुछ तेजी खो दी और अंतत: 986.11 अंक यानी 3.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 31,588.72 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 273.95 अंक यानी 3.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,266.75 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सर्वाधिक 13 प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा।
इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी, टीसीएस, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में भी तेजी रही। हालांकि नेस्ले इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और सन फार्मा के शेयर गिरावट में रहे।रिजर्व बैंक की ब्याज दरों को लेकर संवेदनशील समूहों जैसे बैंकिंग, वित्तीय, वाहन और रियल्टी में 6.83 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।

