नई दिल्ली: सरकारी क्षेत्र के दो बैंकों, बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BoM) और इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने कर्ज की ब्याज दरों में कटौती की सौगात दी है. इससे न केवल नया कर्ज सस्ता होगा बल्कि मौजूदा ग्राहकों के होम लोन, ऑटो लोन की ईएमआई भी कम हो जाएगी. दरअसल, बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BoM) और इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने अपने चुनिंदा अवधि की MCLR में 0.10 फीसदी तक कटौती कर दी है. BoM की संशोधित दरें सोमवार से लागू हो गई हैं.
बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BoM) की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैंक ने एक साल और छह माह के कर्ज पर MCLR क्रमश: 7.40 फीसदी से घटाकर 7.30 फीसदी और 7.30 फीसदी से 7.25 फीसदी कर दी हैं. बैंक की नई दरें सोमवार से लागू हो गई हैं. बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने एक दिन, एक माह और तीन माह के कर्ज के लिए एमसीएलआर संशोधित कर क्रमश: 6.80 फीसदी, 7 फीसदी और 7.20 फीसदी किया है.
इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने शेयर बाजार को बताया कि उसने सभी अवधि के कर्जों के लिए MCLR 0.10 फीसदी तक कम की है. बैंक की एक साल के कर्ज की एमसीएलआर 7.55 फीसदी (पहले 7.65), तीन माह और छह माह की एमसीएलआर घटा कर क्रमश: 7.45 फीसदी और 7.55 की गई है. बैंक की नई दरें 10 सितंबर से प्रभावी होंगी.

