नई दिल्ली: सरकारी स्वामित्व वाले बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने रेपो रेट से लिंक्ड लेंडिंग रेट में 10 बेसिस प्वॉइंट्स की कटौती का एलान किया है. बैंक ने दरों को 6.85 फीसदी से घटाकर 6.75 फीसदी कर दिया है, जो सोमवार से प्रभावी होंगी. बड़ौदा रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (BRLLR) में संशोधन के साथ, कर्जदाता बैंक 6.75 फीसदी की दर से शुरू होम लोन और कार लोन 7 फीसदी की शुरुआती दर के साथ पेश कर रहा है.
बैंक ने एक बयान में कहा कि मॉर्गेज लोन रेट 7.95 फीसदी पर शुरू होंगे और एजुकेशन लोन 6.75 फीसदी की दर से शुरू हैं.
बैंक के जनरल मैनेजर (मॉर्गेज और अन्य रिटेल एसेट्स) हर्षदकुमार सोलंकी ने कहा कि BRLLR में यह कटौती हमारे लोन को ग्राहकों के लिए ज्यादा किफायती बनाती है. वे उम्मीद करते हैं कि डिजिटल प्रक्रिया की ओर हमारी कोशिशें ग्राहकों को सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर तेज और आरामदायक लोन का फायदा लेने में मदद करेंगी.

