अंतिम आधे घंटे में खरीदारी आने की वजह से 10 दिसम्बर को भारतीय शेयर बाजार गिरावट से उबरते हुए सपाट बंद हुआ. मंगलवार को कारोबारी सत्र के अंत में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 8.95 अंकों की गिरावट के साथ 24,610.05 पर बंद हुआ। वहीं बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1.59 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 81510.05 पर बंद हुआ।
भगोड़े मेहुल चौकसी की सम्पतियों की नीलामी की खबर आने के बाद कारोबार के अंतिम आधे घंटे में बैंक निफ्टी ने 169.95 अंकों की उछाल दर्ज की और अंत में 53577.70 के स्तर पर बंद हुआ। मंगलवार को निफ्टी 50 के 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए जिनमें डॉ. रेड्डीज लैब्स, अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और एचडीएफसी लाइफ शामिल हैं। अडानी ग्रुप के अन्य शेयरों की बात करें तो अडानी ग्रीन एनर्जी 3.45 फीसदी, अडानी पावर 2 फीसदी, अडानी टोटल गैस 1.85 फीसदी और अडानी विल्मर 1.41 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।
आज के कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स में भारती एयरटेल, अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे, जबकि बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील और टाइटन कंपनी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आज ऑटो, ऑयल एंड गैस, पावर, टेलीकॉम, मीडिया में 0.5-1 फीसदी की गिरावट आई, जबकि आईटी और रियल्टी में 0.5-1 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

