नई दिल्ली: कोरोनावायरस से दुनिया लड़ रही है। बड़े-बड़े कारोबारियों और खेल और मनोरंजन जगत के लोगों ने इस वायरस से लड़ने में मदद की पेशकश की है और इस लिस्ट में नया नाम जुड़ गया है आईटी कंपनी विप्रो और अजीम प्रेमजी फाउडेशन का। दोनों ने मिलकर कोरोना से जंग में 1125 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है। हालांकि, यह पैसा पीएम केयर्स के तहत नहीं दिया जाएगा। अजीम प्रेमजी का नाम वैसे भी दुनिया के सबसे बड़े दानवीरों की लिस्ट में शुमार है।
विप्रो की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि विप्रो लिमिटेड, विप्रो इंटरप्राइजेस और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन मिलकर 1125 करोड़ रुपये की मदद की पेशकश कर रहे हैं। इसमें बड़ा हिस्सा प्रेमजी फाउंडेशन का होगा। 1125 करोड़ रुपये की इस रकम में से विप्रो लिमिटेड 100 करोड़ देगी, विप्रो इंटरप्राइजेज 25 करोड़ और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन 1000 करोड़ रुपये का दान देंगे।

