नई दिल्ली: निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने अगले एक साल में एक हजार तक लोगों को रोजगार देने की योजना बनाई है. इसके लिए बैंक ने ‘गिग-अ-ऑपरच्युनिटीज’ पहल की शुरुआत की है. इस मॉडल के तहत कोई भी प्रतिभावान उम्मीदवार देश के किसी भी हिस्से से बैंक के साथ काम कर सकता है. बैंक के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. इस मॉडल में काम करने के दो तरीके होंगे- पहला पूर्णकालिक स्थायी नौकरी और दूसरा प्रॉजेक्ट के आधार पर खास अवधि तक सीमित.
एक्सिस बैंक के कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट केंद्र) राजेश दाहिया ने कहा, ‘‘हमारा विचार है कि गिग बड़ी (नियमित) नौकरियां होंगी. हम इसे एक सामान्य नौकरी की तरह प्रभावी बनाना चाहते हैं. अगले एक साल में, हम इस मॉडल के माध्यम से काम करने वाले 800-1,000 लोगों को जोड़ेंगे और यह मैं न्यूनतम कह रहा हूं.’’
उन्होंने कहा, इससे पहले मानसिकता यह थी कि काम करने के लिए आपको कार्यालय आना होगा, लेकिन अब घर से काम की अवधारणा ने कई चीजें बदल दी हैं. लोग घर से काम करने को लेकर पहले हिचकिचाते थे, लेकिन अब उन्हें इसकी आदत पड़ गई है और यह बहुत ही उपयोगी साबित हो रहा है. दहिया ने कहा कि बैंक देश भर के युवाओं, अनुभवी मध्यम स्तर के प्रोफेशनल्स और महिलाओं सहित अच्छी प्रतिभाओं की तलाश करेगा.

