एक्सिस बैंक की ओर से सावधि जमा यानि फिक्स्ड डिपाजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया गया है। इस इज़ाफ़े के बाद 2 करोड़ से कम की FD पर सामान्य निवेशकों को 7.20 प्रतिशत और सीनियर सिटीजन्स को 7.85 प्रतिशत का अधिकतम ब्याज मिलेगा। एक्सिस बैंक की ये नई ब्याज दरें 5 फरवरी, 2024 से लागू हो गई हैं।
एक्सिस बैंक की ओर जारी बयान में कहा गया है कि 17 महीने से लेकर 18 महीने से कम की फिक्स्ड डिपाजिट की ब्याज दर में 10 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद आम निवेशकों को इस FD पर 7.20 प्रतिशत का ब्याज दिया जा रहा है जो पहले 7.10 प्रतिशत था। वहीं सीनियर सिटीजन्स के लिए ब्याज 7.75 प्रतिशत से बढ़कर 7.85 प्रतिशत हो गया है। बता दें कि एक्सिस बैंक की ओर से सामान्य निवेशकों को 3 प्रतिशत से लेकर 7.20 प्रतिशत की ब्याज दर सात दिन से लेकर दस वर्ष की सावधि जमा पर ऑफर की जा रही है।
एक्सिस बैंक सावधि जमा की ब्याज दरें इस तरह हैं
7 से 29 दिन – 3 प्रतिशत, 30 से 45 दिन – 3.5 प्रतिशत, 46 से 60 दिन – 4.25 प्रतिशत, 61 दिन से लेकर 3 महीने से कम – 4.50 प्रतिशत, 3 महीने एक दिन से लेकर 6 महीने से कम – 4.75 प्रतिशत, 6 महीने से लेकर 9 महीने से कम – 5.75 प्रतिशत, 9 महीने से लेकर एक वर्ष – 6 प्रतिशत, 1 वर्ष से लेकर 15 महीने से कम – 6.70 प्रतिशत, 15 महीने एक दिन से लेकर 17 महीने से कम- 7.10 प्रतिशत, 17 महीने से अधिक से 18 महीन से कम – 7.20 प्रतिशत, 18 महीने से लेकर 5 वर्ष से कम 7.10 प्रतिशत, 5 से 10 वर्ष तक – 7.00 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 0.75 प्रतिशत तक का अतिरिक्त ब्याज ।

