सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 27 अगस्त को कहा कि कई वाणिज्यिक और यात्री वाहन निर्माता पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के बदले नए वाहन खरीदने पर छूट देंगे, जिसके लिए उनके पास वैध डिपाजिट सर्टिफिकेट होना चाहिए। गडकरी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में SIAM के सीईओ के प्रतिनिधिमंडल की बैठक के एक सत्र की अध्यक्षता की, जहां उन्होंने ऑटोमोबाइल उद्योग के सामने आने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों को संबोधित किया।
गडकरी ने कहा, उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सिफारिश के जवाब में, कई वाणिज्यिक और यात्री वाहन निर्माताओं ने पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के बदले नए वाहन खरीदने पर छूट देने पर सहमति व्यक्त की है, जिसके पास वैध डिपाजिट सर्टिफिकेट होना चाहिए।
एक रिपोर्ट के मुताबिक ऑटो प्रमुख कंपनियां अपने पुराने वाहनों को स्क्रैप करके नया वाहन खरीदने वाले खरीदारों को 1.5-3.5 प्रतिशत की छूट देने की संभावना है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कुछ शीर्ष लग्जरी कार निर्माता लगभग 25,000 रुपये की छूट देने पर सहमत हो गए हैं, जबकि अन्य अधिकतम राशि की सीमा तय करने की उम्मीद कर रहे हैं।
SIAM के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने जुलाई में कहा था, “हमें उम्मीद है कि सरकार वाहनों को स्क्रैप करने के लिए प्रोत्साहन पर कुछ और कर सकती है, क्योंकि स्क्रैपेज नीति पहले से ही लागू है, लेकिन हमने इसका बहुत अधिक प्रभाव नहीं देखा है। उन्होंने कहा इसलिए पुराने प्रदूषणकारी वाहनों को स्क्रैप करने को और बढ़ावा देने के लिए, मुझे लगता है कि कुछ करने की जरूरत है।” अग्रवाल ने कहा कि सरकार को ऐसी पहल जारी रखनी चाहिए जो अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी हों।

