मोबाइल (iPhone) और टैब (iPad) मार्केट पर कब्जे के बाद अब दिग्गज तकनीकी कंपनी एप्पल (Apple) ने लैपटॉप और डेस्कटॉप मार्केट पर भी कब्जा जमाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है. दिग्गज तकनीकी कंपनी ने पहली बार अपने मैक के लिए M1 चिप तैयार किया है. एप्पल का दावा है कि इस चिप के जरिए उनके सिस्टम की परफॉर्मेंस बहुत अधिक हो जाएगी और पावर एफिशिएंसी भी बढ़ जाएगी मतलब कि M1 चिप वाले मैकबुक की बैटरी बहुत देर तक चलेगी. कंपनी के दावे के मुताबिक एक बार बैट्री फुल चार्ज करने के बाद 20 घंटे तक मूवी देख सकेंगे.
अभी तक मैक में प्रोसेसर, सिक्योरिटी और मेमोरी के लिए मैक में कई चिप का प्रयोग होता था जबकि अब एम1 चिप के जरिए यह सिर्फ एक चिप के जरिए हो सकेगा. एप्पल की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक यह दुनिया का पहला पर्सनल कंप्यूटर चिप होगा जिसे 5 नैनोमीटर प्रॉसेस टेक्नोलॉजी के जरिए तैयार किया गया है. और इस एक एम1 चिप में 1600 करोड़ ट्रांजिस्टर हैं.
कोई लैपटॉप या डेस्कटॉप कितना बेहतर परफॉर्मेंस वाला है, यह इस पर निर्भर करता है कि उसकी सीपीयू की परफॉर्मेस क्या है. एप्पल ने अपनी वेबसाइट पर दावा किया है कि महज 10 वॉट पर एम1 चिप कम से कम ऊर्जा खपत में अन्य लैपटॉप के लेटेस्ट चिप से दोगुना तेज परफॉर्मेस वाला है. यह 25 फीसदी तक की ऊर्जा बचत भी करेगी.

