भारी कर्ज में डूबी अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल के खरीदार हिंदुजा ग्रुप को अधिग्रहण पूरा करने में अभी और समय लगेगा क्योंकि रिलायंस कैपिटल के प्रशासक ने भारतीय रिजर्व बैंक से अपील की है कि 10 दिन का समय और दिया जाय. रिलायंस कैपिटल ने यह समय हिंदुजा समूह की कंपनी को संपत्ति हस्तांतरित करने के लिए मांगा है।
रिलायंस कैपिटल की संपत्ति हिंदुजा समूह की कंपनी को हस्तांतरित करने की समय सीमा शुक्रवार तक थी। देश के केंद्रीय बैंक ने 17 नवंबर 2023 को संपत्ति हस्तांतरित करने की मंजूरी दी थी। यह मंजूरी केवल 6 महीने के लिए वैध थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब रिलायंस कैपिटल के एडमिनिस्ट्रेटर ने आरबीआई से 27 मई तक का समय मांगा है. संपत्तियों के हस्तांतरण के बाद रिलायंस कैपिटल पूरी तरह से हिंदुजा समूह की हो जाएगी।
गौरतलब है कि एनसीएलटी के आदेश के मुताबिक हिंदुजा ग्रुप की कंपनी के लिए रिजॉल्यूशन प्लान लागू करने की डेडलाइन भी 27 मई है. नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने 27 फरवरी को समाधान योजना को मंजूरी दे दी थी। इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड को 27 मई तक समाधान योजना लागू करने के लिए कहा गया था।

