अहमदाबाद: अमूल ब्रांड के उत्पादों का कुल कारोबार बीते वित्त वर्ष 2019-20 में 52,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जीसीएमएमएफ ही अमूल ब्रांड के उत्पादों का उत्पादन और बिक्री करता है। जीसीएमएमएफ ने कहा कि समूह का लक्ष्य 2024-25 तक एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करने का है। जीसीएमएमएफ की 42वीं सालाना आम बैठक आणंद में हुई।
बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया है कि जीसीएमएमएफ समूह और उससे जुड़ी यूनियन सदस्यों का अमूल ब्रांड के तहत एकीकृत कारोबार 52,000 करोड़ रुपये से अधिक या करीब सात अरब डॉलर रहा है। बयान में कहा गया है कि हमारा 2024-25 तक एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करने का लक्ष्य है।

