नई दिल्ली: कोरोनावायरस का कहर झेल रही दुनिया में जहां करोड़ों नौकरियां जाने की आशंका गहराती जा रही है, वहीं ऐमजॉन ने बड़ी हायरिंग करने का फैसला किया है। ऐमज़ॉन ने कहा कि वह 75 हजार भर्तियां करेगी। ये भर्तियां वेयरहाउस स्टाफ से लेकर डिलिवरी ड्राइवर्स तक की होंगी। कंपनी का कहना है कि उसके स्टाफ बढ़ाने का फैसला करने के पीछे लॉकडाउन है।
रॉयटर्स के मुताबिक ऐमजॉन ने सोमवार को 75 हजार भर्तियों के बारे में बताते हुए कहा कि अमेरिका में कोरोनावायरस के कारण लोग घरों में कैद हैं, जिसकी वजह से ऑनलाइन ऑर्डर की डिमांड बढ़ती जा रही है। लंबे समय तक क्वारंटीन रहने की आशंका को देखते हुए दुकानों के शेल्फ खाली होते जा रहे हैं। कंपनियों की कोशिश है कि वे खाने-पीने और हेल्थ प्रॉडक्ट्स का स्टॉक बनाए रखें। साथ ही स्टोर में काम करने वाले और डिलिवरी स्टाफ की भी जरूरत है, जिसे देखते हुए ऐमज़ॉन ने हायरिंग का फैसला किया है।
दिग्गज ई कॉमर्स कंपनी ऐमज़ॉन के लिए हायरिंग एक बड़ा और मुश्किल काम है। ऐमज़ॉन उन कंपनियों में से एक है जहां के वेयरहाउस स्टाफ में कोरोनावारयस के कई केस पाए गए हैं। कंपनी का कहना है कि वह अब वह अमेरिका और यूरोप के अपने सभी वेयरहाउसों में टेंपरेचर चेक करने और मास्क का पूरा इंतजाम रखेगी। हालांकि कुछ चुने हुए अधिकारियों ने कंपनी को अपने वेयरहाउस बंद करने को कहा है।

