नई दिल्ली: जब से रिलायंस जियो ने टेलिकॉम मार्केट में एंट्री मारी है, तब से बाकी सभी टेलिकॉम कंपनियों को तगड़ी टक्कर मिल रही है। नतीजा ये हुआ कि उनका काफी नुकसान भी हुआ है। रिलायंस जियो को मजबूती से टक्कर सिर्फ एयरटेल ही दे रहा है। अधिकतर लोग एयरटेल के अच्छे नेटवर्क की वजह से उसे इस्तेमाल करते हैं। इसी बीच एयरटेल ने अपने 4G नेटवर्क को मजबूत बनाने और 5G नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए नोकिया के साथ डील कर ली है। यानी अब एयरटेल का नेटवर्क पहले से भी बेहतर हो जाएगा, जो इसके ग्राहकों को खुश करने वाली खबर है।
एयरटेल और नोकिया के बीच ये डील 100 करोड़ डॉलर यानी करीब 7,636 करोड़ रुपये में हुई है। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में 5G कनेक्टिविटी के लिए नोकिया 2022 के अंत तक करीब 3 लाख रेडियो यूनिट्स लगाएगा। नोकिया ने एक बयान में कहा है कि वह भारत की तीसरी सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी भारती एयरटेल के साथ हुई डील के तहत उपकरण और सेवाए देगा। बता दें कि एयरटेल के नेटवर्क में नोकिया सबसे बड़ा 4G वेंडर है।

