नई दिल्ली: आदित्य बिड़ला सनलाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने अपने निवेशकों की सहूलियत के लिए एक खास सर्विस शुरू की है. कंपनी ने उनके लिए गूगल अस्टिटेंट के साथ वॉयस-बेस्ड कस्टमर सर्विस लॉन्च की है.
इस असिस्टेंट सर्विस की मदद से निवेशक 24 घंटे सातों दिन फंड हाउस से जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं. उन्हें इससे विभिन्न तरह की सेवाएं मिलेंगी. इनमें पोर्टफोलियो वैल्यूएशन, अकाउंट स्टेटमेंट, कैपिटल गेंस स्टेटमेंट इत्यादि जैसी सर्विस रिक्वेस्ट शामिल हैं.
सहज बातचीत का अनुभव प्रदान करने के लिए गूगल वॉयस असिस्टेंट नवीनतम एआई और एनएलपी का इस्तेमाल करता है. फंड हाउस की जल्द ही अमेजन के एलेक्सा और एप्पल के सीरी जैसे अन्य वॉयस असिस्टेंट प्लेटफॉर्मों को भी उपलब्ध कराने की योजना है.
फंड हाउस ने बताया कि निवेश के सफर को रोचक बनाने के लिए वह विभिन्न तरह की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहा है. ये टेक्नोलॉजी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग पर आधारित हैं. इनकी मदद से फंड से जुड़ने के निवेशकों के अनुभव को बढ़ाया जा रहा है.
फंड हाउस ने निवेशकों के लिए ईमेल बॉट, चैटबॉट, व्हाट्सएप सर्विस और वीडियो केवाईसी जैसी खास सुविधाएं शुरू की हैं. इनकी मदद से म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में कई नए निवेशक जुड़े हैं.

