अडानी ग्रुप कंपनी के शेयरों में उछाल की वजह से गौतम अडानी की नेटवर्थ में एक ही दिन में 2.43 बिलियन डॉलर यानी 206 अरब रुपये का इजाफा हुआ। इस तरह गौतम अडानी की नेटवर्थ अब 81.8 बिलियन डॉलर हो गई है। वहीं, इस साल अब तक गौतम अडानी की नेटवर्थ में 2.54 बिलियन डॉलर का नुकसान हो चुका है। गौतम अडानी इस समय दुनिया के 19वें सबसे अमीर व्यक्ति और भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
गौतम अडानी के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अंबानी की संपत्ति में 101 अरब रुपये की गिरावट आई है। इसके चलते अंबानी की नेटवर्थ घटकर 95.9 बिलियन डॉलर रह गई है। इस साल अब तक अंबानी की नेटवर्थ में 484 मिलियन डॉलर की गिरावट आ चुकी है। वे इस समय दुनिया के 17वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
वहीँ जबरदस्त उछाल के बाद शुक्रवार को एलन मस्क की नेटवर्थ में गिरावट आई। टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स के मालिक एलन मस्क की नेटवर्थ में एक ही दिन में 4.77 बिलियन डॉलर की गिरावट आई। इसके चलते अब मस्क की संपत्ति घटकर 442 बिलियन डॉलर रह गई है। इस साल अब तक एलन मस्क की संपत्ति में 213 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है।

