अडानी-हिंडनबर्ग मामले पर आज आये सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने इसे सत्य की जीत बताया। उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला बताता है कि सत्य की जीत हुई है। जो हमारे साथ खड़े हुए मैं उनका आभारी हूं। भारत की ग्रोथ स्टोरी में हमारा योगदान जारी रहेगा। बता दें कि अडानी-हिंडनबर्ग मामले में आज सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जांच को सेबी से एसआईटी को ट्रांसफर करने के लिए कोई आधार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने सेबी के रेगूलेटरी फ्रेमवर्क में हस्तक्षेप करने के अपने सीमित अधिकार की भी बात कही।
CJI चंद्रचूड़ ने कहा कि सेबी ने 22 मामलों में से 20 में अपनी जांच को पूरी कर ली है। उन्होंने बचे हुए 2 मामलों की जांच पूरी करने के लिए सेबी को 3 महीने का समय और दिया है। चीफ जस्टिस ने कहा कि अडानी-हिंडनबर्ग केस में जांच सेबी से एसआईटी को ट्रांसफर करने के लिए कोई आधार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जांच ट्रांसफर करने की शक्ति असाधारण परिस्थितियों में ही इस्तेमाल की जानी चाहिए। बता दें कि बीते साल जनवरी में अडानी ग्रुप की कंपनियों पर अमेरिकी शॉर्ट सेल फर्म हिंडनबर्ग ने कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था जिसके बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में भूचाल आ गया था.
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में काफी तेज़ी देखने को मिली। अदानी एंटरप्राइजेज 4.35 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है वहीँ अडानी पोर्ट्स में 2.30 फीसदी की बढ़त दिख रही है। इसके अलावा अडानी पावर में 4.29 फीसदी, अडानी एनर्जी में 12.04 फीसदी, अडानी ग्रीन में 5.08 फीसदी, अडानी टोटल में 9.10 फीसदी और अडानी टोटल में 5.08 फीसदी की बढ़त देखी गई. अदानी विल्मर में भी चार प्रतिशत से ज़्यादा की तेज़ी है.

