शेयर बाजार में आज आई गिरावट की सुनामी से अडानी ग्रुप को बड़ा झटका लगा और अडानी ग्रुप की सभी दस लिस्टेड कंपनियों के शेयर नीचे की तरफ लुढ़क गए। जिसकी वजह से अडानी ग्रुप की 10 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 1.12 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में अदानी टोटल गैस में 9.50 फीसदी की गिरावट, अदानी ग्रीन एनर्जी में 9.07 फीसदी की गिरावट, अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस में 8.54 फीसदी की गिरावट, एनडीटीवी में 7.92 फीसदी की गिरावट और अदानी पोर्ट्स में 6.97 फीसदी की गिरावट आई और अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 6.91 फीसदी गिरे.
इसके अलावा सीमेंट कंपनी ACC में 6.87 फीसदी, Adani Power में 4.99 फीसदी, ग्रुप की एक और सीमेंट कंपनी Ambuja Cements में 4.58 फीसदी और अदानी विल्मर में 4.25 फीसदी तक की गिरावट दर्ज हुई. देखा जाय तो पिछले सात कारोबारी दिनों से अडानी ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में गिरावट जारी है। अडानी पावर ने तो कारोबार के दौरान अपनी निचली सर्किट सीमा को पार कर लिया। समूह की सभी 10 कंपनियों के संयुक्त बाजार मूल्यांकन में 1,12,780.96 करोड़ रुपये की गिरावट आई। अडाणी समूह की कंपनियों में गिरावट का नतीजा ये रहा कि शेयर बाजार में मिड कैप और स्माल कैप शेयर में आज तबाही मच गए जिसका असर सभी इंडेक्सों और बेंचमार्क इंडेक्सों पर पड़ा ।
शेयर बाजार में भारी बिकवाली के बीच बुधवार को निवेशकों को 13.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 906.07 अंक या 1.23 प्रतिशत गिरकर 72,761.89 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,152.25 अंक तक गिर गया था। इससे बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 13,47,822.84 करोड़ रुपये घटकर 3,72,16,602.67 करोड़ रुपये रह गया।

