अडानी ग्रुप एक और सीमेंट कंपनी खरीदने जा रहा है, ये कम्पनी है ओरिएंट सीमेंट। अडानी समूह ने मंगलवार को अपनी विस्तार योजना के तहत सीके बिड़ला ग्रुप की सीमेंट कंपनी ओरिएंट सीमेंट को 8,100 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर खरीदने की घोषणा की। अडानी सीमेंट की सीमेंट और निर्माण सामग्री कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने 395.4 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ओरिएंट सीमेंट लिमिटेड (ओसीएल) का अधिग्रहण करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
अंबुजा सीमेंट और ओरिएंट सीमेंट के संयुक्त बयान के अनुसार, इसकी स्टेप-डाउन इकाई “अंबुजा अपने मौजूदा प्रमोटरों और कुछ सार्वजनिक शेयरधारकों से ओरिएंट सीमेंट में 46.8 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।” इसने कहा कि अधिग्रहण का पूरा वित्तपोषण आंतरिक स्रोतों से किया जाएगा। बता दें कि इस सौदे के बाद अडानी सीमेंट की क्षमता में सालाना 16.6 मिलियन टन की बढ़ोतरी होगी। अडानी सीमेंट इस क्षेत्र में अंबुजा सीमेंट्स के जरिए काम करती है।
सीके बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन सीके बिड़ला ने कहा, “सीके बिड़ला ग्रुप लगातार पूंजी का पुनर्नियोजन कर रहा है, ताकि उपभोक्ता केंद्रित, प्रौद्योगिकी संचालित और सेवा आधारित व्यवसायों पर अपना ध्यान केंद्रित कर सके। मुझे ओरिएंट सीमेंट को एक प्रीमियम ब्रांड बनाने और हमारे द्वारा संचालित सभी क्षेत्रों में अग्रणी बाजार हिस्सेदारी बनाए रखने के हमारे प्रभावशाली ट्रैक रिकॉर्ड पर गर्व है। हमें विश्वास है कि सीमेंट और बुनियादी ढांचे पर अपने मजबूत फोकस के साथ, अदानी ग्रुप हमारे लोगों और हितधारकों के लिए ओरिएंट सीमेंट में विकास को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श नया मालिक है। ओरिएंट सीमेंट के अधिग्रहण के पूरा होने के बाद, अंबुजा सीमेंट वित्त वर्ष 2025 में 100 मिलियन टन प्रति वर्ष सीमेंट क्षमता तक पहुंचने के लिए तैयार है।

