मुंबई: वैश्विक बाजारों में तेजी तथा विदेशी निवेशकों की जारी लिवाली के बीच बैंकिंग और बुनियादी संरचना क्षेत्र के शेयरों में उछाल के दम पर शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बढ़त की राह पर लौट आये। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने पिछले कारोबारी दिवस की गिरावट से उबरते हुए 306.54 अंक यानी 0.90 प्रतिशत की तेजी दर्ज की और 34,287.24 अंक पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का तीन महीने का उच्चतम स्तर है।
इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 113.05 अंक यानी 1.13 प्रतिशत बढ़कर 10,142.15 पर पहुंच गया। देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का एकल शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में चार गुना से अधिक बढ़कर 3,580.81 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके दम पर एसबीआई का शेयर 7.90 प्रतिशत चढ़ गया। यह सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में सर्वाधिक तेजी रही। टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक भी मजबूती के साथ बंद हुए। इनमें छह प्रतिशत तक की तेजी रही।
दूसरी तरफ, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज ऑटो और इंफोसिस के शेयर 2.19 प्रतिशत तक गिरकर बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयर में कारोबार के दौरान साल भर के उच्चतम स्तर पर पहुंच जाने के बाद मुनाफा वसूली देखने को मिली। कंपनी ने अपनी डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स में 1.85 प्रतिशत हिस्सेदारी अबू धाबी स्थित सरकारी निवेशक मुबाडाला को 9,093.60 करोड़ रुपये में बेचने की घोषणा की। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में 1,863.14 अंक यानी 5.74 प्रतिशत की तेजी आयी। निफ्टी भी पूरे सप्ताह में 561.85 अंक यानी 5.86 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

