नई दिल्ली: भले ही चौथी तिमाही (2019-20) में रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रॉफिट में भारी गिरावट दर्ज की गई हो लेकिन, जियो के लिए आखिरी तिमाही शानदार रही है। वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में जियो का शुद्ध लाभ (Reliance Jio profit) 177 प्रतिशत उछलकर 2,331 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 840 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
रिजल्ट पर टिप्पणी करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, ‘हमें खुशी है कि हमने इन कठिन समय में अपने ग्राहकों के लिए कनेक्टिविटी और कामकाज को आसान बना दिया है। जियो का हर कर्मचारी ‘ग्राहक पहले’ की सोच से काम करने को प्रशिक्षित है। इससे ग्राहकों का भरपूर आशीर्वाद हमें मिल रहा है। हम अब लगभग 40 करोड़ भारतीयों की सेवा कर रहे हैं। जियो भारत में डिजिटल क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। हमारी सेवाओं को ग्राहकों द्वारा तहेदिल से अपनाया जाना हमें और अधिक बेहतर बनने के लिए प्रेरित करता है।
जियो दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल कंपनियों में से एक फेसबुक के साथ विकास के अगले चरण पर चल पड़ी है। बता दें कि फेसबुक ने हाल ही में करीब 44 हजार करोड़ रुपये में जियो में 10 पर्सेंट की हिस्सेदारी खरीदी है। हम साथ मिलकर भारत को वास्तव में डिजिटल समाज बनाने के लिए दृढ़ संकल्प हैं। हम मनोरंजन, वाणिज्य, संचार, वित्त, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ तकनीकी क्षमताओं और सर्वश्रेष्ठ कनेक्टिविटी नेटवर्क के साथ बेहतरीन डिजिटल प्रौद्योगिकी प्लेटफार्म प्रदान करेंगे।

