नयी दिल्ली: मीडिया कंपनी टीवी18 ब्रॉडकास्ट लि. का बीते वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) का एकीकृत शुद्ध लाभ पांच गुना होकर 141.83 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 29.90 करोड़ रुपये पर शुद्ध लाभ कमाया था।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 20.60 प्रतिशत बढ़कर 1,424.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,181.48 करोड़ रुपये थी।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 1,254.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,193.50 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि कोविड-19 की वजह से उनके वित्तीय परिणामों पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।

