नई दिल्ली: कोरोना के खिलाफ जंग में देश के उद्योगपति सामने आ रहे हैं। टाटा ट्रस्ट ने कोरोना से निपटने के लिए 500 करोड़ का ऐलान किया है। टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा ने कहा कि इसके लिए इमर्जेंसी रिसोर्स की जल्द से जल्द आपूर्ति होनी चाहिए। टाटा ग्रुप के बाद टाटा सन्स ने 1000 करोड़ रुपये का ऐलान किया है। कुल मिलाकर अब तक 1500 करोड़ रुपये की घोषणा की जा चुकी है।
कोरोना को कंट्रोल करने के लिए देश के सभी अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स और अन्य मेडिकल कर्मी दिन-रात काम कर रहे हैं। वे अपने जीवन और परिवार की परवाह छोड़कर इस मुहिम में जुटे हुए हैं। इंफेक्शन का डर इतना है कि वे घर तक नहीं जा रहे हैं। ऐसे में उनको दो वक्त का खाना भी ठीक से नसीब नहीं हो रहा है। इन हालात में टाटा ग्रुप के ताज होटेल ने मुंबई में मेडिकल कर्मियों, मरीजों के लिए खाने का प्रबंध किया है।
मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। ट्वीट में BMC ने कहा है कि हमने ताज कैटरर्स के साथ कोलैबोरेशन किया है। ताज होटेल की तरफ से बीएमसी के अस्पतालों में भर्ती मरीजों, डॉक्टरों और अन्य मेडिकल कर्मियों को खाने का प्रबंध किया गया है।
ताज होटेल की तरफ से किए जा रहे इस नेक काम पर कई सिलेब्रिटी और बिजनसमैन ने खुशी जताई है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने ताज होटेल को सलाम किया है।
टाटा ग्रुप पहले ही ऐलान कर चुका है कि वह देशभर में अपने ऑफिस और मैन्युफैक्चरिंग साइट्स पर काम करने वाले अस्थाई कर्मचारियों तथा दिहाड़ी मजदूरों को पूरा वेतन देगा। टाटा की कुछ कंपनियों जैसे टाटा प्रॉजेक्ट्स में भारी तादाद में अस्थाई कर्माचारी कंस्ट्रक्शन गतिविधियों से जुड़े हैं। कंपनी ने यह भी कहा है कि अगर कोई कर्मचारी किसी वजह से ऑफिस नहीं भी आता है, जैसे अभी लॉकडाउन में सबकुछ बंद है, उस परिस्थिति में भी सैलरी नहीं काटी जाएगी।

