इस्लामाबाद : विश्वबैंक और एशियाई विकास बैंक ने पाकिस्तान को कोरोना वायरस महामारी और उसके सामाजिक-आर्थिक प्रभाव से निपटने के लिये 58.8 करोड़ डॉलर की सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जतायी है।
मीडिया रिपोर्ट में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार विश्वबैंक 23.8 करोड़ डॉलर तथा एशियाई विकास बैंक (एडीबी) 35 करोड़ डॉलर पाकिस्तान को कोरोना वायरस और उससे जुड़े सामाजिक-आर्थिक प्रभाव से निपटने को लेकर उपलब्ध कराएगा।
अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के योजना आयोग ने दो प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद इसकी घोषणा की। बैठक में विश्वबैंक के क्षेत्रीय निदेशक इलांगो पाचुमुथु, एडीबी की क्षेत्रीय निदेशक शिआहोंग यांग तथा आर्थिक मामलों के विभाग, वित्त मंत्रालय तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रतिनिधि मौजूद थे।

