वॉशिंगटन: दुनियाभर की दिग्गज कंपनियों के टॉप पोस्ट पर ‘भारतीयों’ का कब्जा बढ़ता ही जा रहा है। इस सिलसिले में ताजा नाम जुड़ा है सोनिया स्यंगल का जिन्हें अमेरिका में कपड़ों के खुदरा व्यापार (अपैरल रिटेलर) की सबसे बड़ी कंपनी गैप इंक ने अपना सीईओ नियुक्त किया है। गोरे पुरुषों के दबदबे वाले कॉर्पोरेट वर्ल्ड में भारतीय मूल की एक महिला का जगह बनाना बड़ी बात है।
49 वर्षीय स्यंगल फॉर्च्युन 500 लिस्ट में शामिल किसी कंपनी की एकमात्र भारतीय-अमेरिकी महिला सीईओ हैं। उनसे पहले पेप्सिको की सीईओ के रूप में इंदिरा नूयी का नाम इस लिस्ट में शामिल था। वह 2018 में इस पद से हटी थीं।
भारत में जन्मीं सोनिया स्यंगल का परिवार उनके बचपन के दिनों में ही पहले कनाडा और फिर वहां से अमेरिका चला गया था। स्यंगल ने 1993 में केटरिंग यूनिवर्सिटी से मेकनिकल इंजीनियरिंग की बैचलर डिग्री जबकि 1995 में स्टैंडफर्ड यूनिवर्सिटी से मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग की मास्टर्स डिग्री हासिल की थी। उनके दो बच्चे 20 और 17 साल के हैं।

