शियोमी 12 मार्च को अपना नया स्मार्टफोन लॉन्च करने के लिए तैयार है. शियोमी इंडिया के हेड मनु कुमार जैन ने ट्वीट कर लिखा, ‘2020 के सबसे बड़े सवाल का जवाब मिल गया है, 12 मार्च को Redmi Note का अगला फोन आ रहा है.’ ट्वीट में ये भी लिखा कि फोन ऐसे Pro Camera और Pro Performance के साथ आएगा, जो पहले कभी नहीं देखा होगा.
शियोमी ने नए फोन के लिए एक डेडिकेटेड पेज बनाया है, जहां फोन की जानकारी देखी जा सकती है. वैसे तो फोन के नाम को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन टीज़र पेज पर लिखे ‘9’ से अंदाज़ा लगाया जा सकता है आने वाला फोन Redmi Note 9 सीरीज़ का होगा. बताया गया कि फोन 12 मार्च को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा.
जारी किए गए टीज़र में फोन का कैमरा और डिजाइन देखा जा सकता है, जिससे पता चला है कि फोन चार कैमरों के साथ आएगा. इसके अलावा फोन में दमदार प्रोसेसर, गेमिंग के लिए अलग से फीचर भी होगा. साथ ही चार्जिंग को लेकर भी कहा गया है कि फोन फास्ट चार्जिंग के साथ आएगा. फोन के डिटेल फीचर्स और ये किस कीमत में लॉन्च होगा, इसके बारे में तो 12 मार्च को ही पता चलेगा.
शियोमी ने इससे पहले नोट सीरीज़ में रेडमी नोट 8 प्रो लॉन्च किया है. फोन में 6.53 इंच का फुल-एचडी+ (1080×2340 पिक्सेल) डिस्प्ले दिया गया है, जिसका अस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है. ये फोन एंड्रॉयड 9 पाई पर बेस्ड MIUI 10 पर काम करता है. इसका डिस्प्ले वाटरड्रॉप नॉच के साथ आता है, और इसके फ्रंट और बैक पैनल पर गोरिल्ला ग्लास 5 प्रोटेक्शन दी गई है. गेमिंग एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें लिक्विड कूलिंग टेक्नोलॉजी भी मौजूद है. ये फोन भी क्वाड कैमरा सेटअप के साथ आता है, जिसमें 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है.

