अडानी ग्रुप का हिस्सा बनी अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड ने शनिवार को बिहार में अपने पहले उद्यम की घोषणा की, जो सीमेंट उद्योग के किसी कंपनी द्वारा राज्य में सबसे बड़ा निवेश है। कंपनी 1600 करोड़ रूपये की लागत से 6 MTPA की कुल क्षमता वाली वारिसलीगंज सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट लगाएगी जो एक स्टैंडअलोन सुविधा है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, परियोजना को तीन चरणों में क्रियान्वित किया जाएगा, जिसमें 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से 2.4 MTPA का पहला चरण दिसंबर 2025 तक चालू करने का लक्ष्य है। भविष्य के विस्तार के लिए भूमि का पर्याप्त प्रावधान किया गया है, जिसे बहुत कम पूंजीगत व्यय पर नियत समय में चालू किया जाएगा। बयान में आगे कहा गया कि यह संयंत्र मोसामा गांव, तहसील वारिसलीगंज, जिला नवादा, बिहार में स्थित है, यह साइट सड़क और रेल द्वारा अच्छी तरह से जुड़ी हुई है, वारिसलीगंज रेलवे स्टेशन 1 किमी दूर है और SH-83 साइट से केवल 500 मीटर की दूरी पर है.
अंबुजा सीमेंट्स ने एक बयान में कहा, “यह परियोजना बिहार की बढ़ती बुनियादी ढांचे की जरूरतों को पूरा करेगी, जो हाल ही में केंद्रीय बजट में उल्लिखित प्राथमिकताओं के अनुरूप है।” शुक्रवार को अंबुजा सीमेंट्स के शेयर 1.97% की गिरावट के साथ 650.85 रुपये पर बंद हुए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) द्वारा आयोजित शिलान्यास समारोह में अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “अडानी समूह द्वारा किया गया यह निवेश बिहार की विकास क्षमता और बिहार के लोगों के लिए सतत विकास को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”

