नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों को राहत देते हुए, महंगाई भत्ते को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने का एलान किया. कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी किया जा रहा है. यह 1 जुलाई 2021 से लागू होगा.
इसके साथ केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशधारकों के लिए डियरनेस अलाउंस (DA) और डियरनेस रिलीफ (DR) को 1 जुलाई 2021 से बहाल करने का फैसला किया है.
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि डीए और डीआर में बढ़ोतरी से सरकार के कोष पर 34,401 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. कोविड-19 महामारी को देखते हुए, केंद्र सरकार ने डीए और डीआर की तीन अतिरिक्त किस्तों को फ्रीज कर दिया था, जो 1 जनवरी 2020, 1 जुलाई 2020 और 1 जनवरी 2021 से बकाया थीं. ठाकुर ने कहा कि इस कदम से 48.34 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 65.26 पेंशनधारकों को फायदा मिलेगा.

