नई दिल्ली: इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज 12 जुलाई के कारोबार के दौरान BSE Sensex और Nifty50 मामूली बदलाव के साथ बंद हुए हैं. आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स 52700 के पार चला गया था लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट आई और यह दिन के ऊंचे स्तर से 327.82 अंक गिरकर 52,400 के नीचे लुढ़ककर बंद हुआ. निफ्टी भी शुरुआती तेजी गंवाकर 15700 के नीचे लुढ़ककर बंद हुआ. कारोबार बंद होने पर आज सेंसेक्स 13.50 अंकों की गिरावट के साथ 52,372.69 पर और निफ्टी 2.80 अंकों की तेजी के साथ 15,692.60 पर बंद हुआ.
सेंसेक्स पर आज 17 स्टॉक्स और निफ्टी50 पर 27 स्टॉक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं. निफ्टी के सेक्टरल इंडेक्सेज की बात करें तो निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी मेटल को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर इंडेक्सेज बढ़त के साथ बंद हुए. सेंसेक्स पर बैंकिंग शेयरों में मिला-जुला रुख रहा और बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के पसंदीदा स्टॉक में बिकवाली रही.
बीएसई सेंसेक्स पर आज सबसे अधिक खरीदारी अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में रही और इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई में सबसे अधिक खरीदारी रही. बिकवाली की बात करें तो आज सेंसेक्स पर सबसे अधिक बिकवाली भारती एयरटेल, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक में रही.

