नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बंगलादेश के साथ आपसी व्यापार सुधारने के लिए अपनाये जाने वाले उपायों को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को पूर्व प्रभाव से मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि भारतीय व्यापार उपचार महानिदेशालय और बंगलादेश के व्यापार शुल्क आयोग के बीच 27 मार्च, 2021 को ढाका में व्यापार उपचार उपायों के क्षेत्र में सहयोग का तंत्र विकसित करने के लिए हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) को पूर्व प्रभाव से स्वीकृति दी गयी है।
इस समझौता ज्ञापन का प्राथमिक उद्देश्य व्यापार उपचार में दोनों देशों के बीच सहयोग को प्रोत्साहन देना, सूचना के आदान-प्रदान से संबंधित व्यापक गतिविधियों को शामिल करना, भारत और बंगलादेश के बीच द्विपक्षीय व्यापार में, एंटी डम्पिंग, काउंटवेलिंग और सुरक्षा उपायों के क्षेत्र में विश्व व्यापार संगठन के विभिन्न प्रावधानों के अनुरूप क्षमता निर्माण गतिविधियों का संचालन करना है। एमओयू के माध्यम से दोनों देशों के उपयुक्त प्राधिकरणों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ाना देने का लक्ष्य है, जिससे दोनों देशों के बीच अनुचित व्यापार प्रक्रियाएं हतोत्साहित हों और नियम आधारित द्विपक्षीय व्यापार को प्रोत्साहन मिले।

