भारतीय फूड डिलीवरी स्टार्टअप Zomato ने अब तक घर-घर खाना पहुंचाकर लोगों को सुविधा प्रदान किया है और अब निवेशकों को कमाई का मौका देने वाला है. जानकारी के मुताबिक जोमैटो अपने आईपीओ के लिए अगले महीने अप्रैल तक आईपीओ के लिए आवेदन कर सकता है. इसके जरिए फूड डिलीवरी स्टार्टअप की योजना 65 करोड़ डॉलर (4708.73 करोड़ रुपये) जुटाने की है. मामले की जानकारी देने वाले शख्स ने अपनी पहचान जाहिर नहीं करते हुए बताया कि कंपनी इसकी लिस्टिंग इस साल सितंबर 2021 के अंत तक कर सकती है. हालांकि आईपीओ के साइज और टाइमलाइन में बदलाव भी हो सकता है क्योंकि इस पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है. जोमैटो में चीनी कारोबारी Jack Ma के Ant Group की भी हिस्सेदारी है.
फूड एग्रीगेटर वेबसाइट-ऐप जोमैटो की शुरुआत 2008 में हुई थी और कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक इससे 5 हजार से अधिक कर्मी जुड़े हुए हैं. जोमैटो ने हाल ही में कोरा मैनेजमेंट और फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च कॉरपोरेशन समेत कुछ निवेशकों से 25 करोड़ डॉलर (1811.05 करोड़ रुपये) की रकम जुटाई थी. कंपनी के एक निवेशक इंफो एज इंडिया लिमिटेड की फरवरी में एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक 25 करोड़ डॉलर का निवेश पाने के बाद अब जोमैटो 540 करोड़ डॉलर (39118.71 रुपये) की कंपनी है.

