मुंबई: वैश्विक स्तर पर अधिकतर मुख्य सूचकांकों में रही वृद्धि के बावजूद बैंकिंग, कैपिटल गुड्स और स्वास्थ्य समूह की कंपनियों में भारी बिकवाली हुई जिससे घरेलू स्तर पर सोमवार को शेयर बाजार में सेंसेक्स 397 अंक लुढ़क कर 50,395.08 अंक पर और निफ़्टी 101.45 अंकों की गिरावट के साथ 14,929.50 अंक पर बंद हुआ।
दिन की शुरुआत में बीएसई का सेंसेक्स 19 अंकों की गिरावट जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 44 अंक की बढ़त के साथ खुला। पिछले दो सप्ताह के सोमवार पर शेयर बाजार में हालांकि तेजी दर्ज की गई थी लेकिन आज दिन में हुई बिकवाली से सेंसेक्स और निफ़्टी गिरावट के साथ बंद हुए।
दिग्गज कंपनियों, मझोली तथा छोटी कंपनियों में हुई बिकवाली से बीएसई का मिडकैप जहां 0.72 प्रतिशत घटकर 20,429.11 अंक पर बंद हुआ वही स्मॉलकैप 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,095.79 अंक पर रहा। इस दौरान बैंकिंग समूह की कंपनियों में 365.57 अंक, पूंजीगत वस्तुएं से जुड़ी कंपनियों में 221.33 अंक और स्वास्थ समूह की कंपनियों में 217.83 अंक की भारी गिरावट दर्ज की गई।

