बजट एयरलाइन इंडिगो (Indigo) को 30 सितंबर को खत्म हुई दूसरी तिमाही में 1,194 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है. कंपनी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. इससे पिछले वित्तीय वर्ष की सितंबर तिमाही में कंपनी को 1,062 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था. इस साल अप्रैल-जून अवधि में एयरलाइन को 2,884 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था. 2020-21 की दूसरी तिमाही में एयरलाइन की कुल आय 3,029 करोड़ रुपये पर रही जो एक साल पहले की अवधि के मुकाबले 64.5 फीसदी कम है. कंपनी ने बयान में इसकी जानकारी दी है.
सितंबर 2020 तिमाही में इसका कुल खर्च 4,224 करोड़ रुपये था, जो एक साल पहले की अवधि से 55.9 फीसदी कम है. इंडिगो के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर रणजॉय दत्ता ने कहा कि वे धीरे-धीरे लेकिन निश्चित तौर पर सामान्य क्षमता की ओर वापस जा रहे हैं. जहां वे वर्तमान के संकट को मैनेज करने पर बहुत ध्यान रखे हुए हैं, इसके साथ वे भविष्य का भी दोबारा आकलन कर रहे हैं.
इसके आगे उन्होंने कहा कि एक बार वे 100 फीसदी की क्षमता पर वापस आने पर उनकी यूनिट कॉस्ट कम और एक ज्यादा प्रभावी और मजबूत नेटवर्क होगा. वे भविष्य आने को लेकर उत्साहित हैं.

