नई दिल्ली: कोरोना महामारी के चलते लागू लॉकडाउन से भारी दबाव और सुस्ती झेल रही भारतीय ऑटो इंडस्ट्री (Indian Auto Industry) को केंद्र सरकार बड़ी राहत दे सकती है. इसके तहत सभी तरह की कारों पर GST दरों में कटौती की जा सकती है. केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ऑटो इंडस्ट्री के संगठन सियाम (SIAM) के एक कार्यक्रम में यह संकेत दिए. वाहनों पर अभी 28 फीसदी जीएसटी है. ऑटो इंडस्ट्री ने इसे घटाकर 18 फीसदी करने की मांग की थी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी हाल में दुपहिया वाहनों पर जीएसटी रेट में कटौती करने का संकेत दिया था.
भारी उद्योग मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सरकार सभी तरह के वाहनों पर जीएसटी रेट में 10 फीसदी कटौती करने की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की मांग पर विचार कर रही है और इस बारे में कुछ दिनों में फैसला हो जाएगा. SIAM के 60वें सालाना सम्मेलन में जावड़ेकर ने भरोसा दिया कि जीएसटी में अस्थायी कटौती की इंडस्ट्री की मांग के बारे में प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से बात करेंगे. उन्होंने कहा, ‘वित्त मंत्रालय इस प्रस्ताव की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर रहा है। दुपहिया, तिपहिया, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और चौपहिया वाहनों पर चरणबद्ध तरीके से राहत मिलनी चाहिए. उम्मीद है कि आपको जल्दी ही खुशखबरी मिलेगी.’

