नई दिल्ली: अगस्त माह में वाहनों की बिक्री में थोड़ा सुधार देखने को मिला है. इससे लगता है कि व्हीकल सेल्स लॉकडाउन के असर से बाहर आ रही है. लोग कारों को खरीदने में फिर से दिलचस्पी लेने लगे हैं. हालांकि अभी हर कार कंपनी की बिक्री नहीं सुधरी है लेकिन आने वाले महीनों में हालत बेहतर होने की उम्मीद जोर पकड़ती नजर आ रही है.
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) की बिक्री अगस्त 2020 में 17.1 फीसदी बढ़कर 1,24,624 यूनिट पर पहुंच गई. एक साल पहले के समान महीने में कंपनी ने 1,06,413 वाहन बेचे थे. घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 20.2 फीसदी बढ़कर 1,16,704 यूनिट पर पहुंच गई, जो अगस्त 2019 में 97,061 यूनिट रही थी. सबसे अच्छा प्रदर्शन मारुति की मिनी कारों का रहा, जिनकी बिक्री 94.7 फीसदी बढ़कर 19,709 यूनिट पर पहुंच गई.
एमजी मोटर इंडिया की खुदरा बिक्री अगस्त में 41.2 फीसदी बढ़कर 2,851 यूनिट पर पहुंच गई. पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 2,018 वाहन बेचे थे. एमजी मोटर इंडिया ने कहा कि हाल में पेश Hector Plus को यात्रा पर अंकुशों में ढील के बाद फैमिली सेगमेंट से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है. इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र भी आगे बढ़ रहा है. एमजी मोटर इंडिया के निदेशक बिक्री राकेश सिदाना ने कहा कि हमने जुलाई की तुलना में अगस्त में कुल उत्पादन बढ़ाया है. हम हेक्टर के पुराने ऑर्डरों को पूरा कर रहे हैं. साथ ही हमारा इरादा त्योहारी सीजन में वाहनों की डिलीवरी तेज करने का है.

