नई दिल्ली: अरबपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की खुदरा इकाई में अमेरिका की निजी इक्विटी कंपनी सिल्वर लेक पार्टनर्स ने 1.75 फीसदी हिस्सेदारी के बदले 7,500 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शनिवार को इसकी जानकारी दी. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 9 सितंबर को इस समझौते का एलान किया था. कंपनी ने उस समय कहा था कि सिल्वर लेक उसकी इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी.
शेयर के आवंटन के बाद SLP रेनबो होल्डिंग्स के पास आरआरवीएल की 1.75 फीसदी हिस्सेदारी हो गई है. इस डील में आरआरवीएल का मूल्यांकन 4.21 लाख करोड़ रुपये का किया गया. यह रिलांयस इंडस्ट्रीज की किसी इकाई में सिल्वर लेक का इसी साल में अरबों डॉलर का दूसरा निवेश है. इससे पहले सिल्वर लेक ने जियो प्लेटफॉर्म्स में 1.35 अरब डॉलर निवेश करने का एलान किया था. सिल्वर लेक टेक्नोलॉजी क्षेत्र में निवेश करने वाली अग्रणी वैश्विक कंपनी है. सिल्वर लेक के पास प्रबंधित संपत्तियों और प्रतिबद्ध पूंजी मिलाकर 60 अरब डॉलर से ज्यादा की पूंजी है.

