नई दिल्ली: भारत ने चीन पर एक और डिजिटल स्ट्राइक की है. नया कदम उठाते हुए भारत सरकार ने चीन के 47 और ऐप्स को बैन कर दिया है. इससे पहले चीन के 59 ऐप बैन किए जा चुके हैं. इतना ही नहीं सरकार की नजरें और ऐसे ही 250 से ज्यादा ऐप पर हैं, जिनमें पॉपुलर गेमिंग ऐप PUBG भी शामिल है. आगे इन पर भी बैन लगाने की तैयारी है. अभी बैन किए गए ऐप्स में ज्यादातर क्लोनिंग वाले ऐप्स शामिल हैं. जिसका मतलब है कि पहले से जो ऐप बैन हुए थे, उनके जैसे कुछ ऐप बनाकर बाजार में उतार दिए गए थे.
इन ऐप्स को बैन करने का फैसला मिनिस्ट्री ऑफ टेलिकॉम की तरफ से लिया गया है. बैन किए गए 47 ऐप्स में किन-किन ऐप्स को शामिल किया गया है इसकी लिस्ट जल्द ही जारी की जाएगी. बता दें कि भारत और चीन के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है. जिस क्रम में गलवान घाटी में दोनों सेनाओं के बीच हिंसप झड़प भी हुई थी. इस झड़प के बाद भारत सरकार ने चीन को लेकर कुछ कड़े एक्शन लिए हैं.
भारत सरकार ने टिक-टॉक समेत 59 पॉपुलर ऐप पहले बैन किया था. अब इनके क्लोनिंग वाले ऐप बैन किए गए हैं. सरकार की नजर 275 और चीनी ऐप्स पर है, जिसमें PUBG, Resso और ULike भी शामिल हैं. चीन के ऐप्स का लगातार रिव्यू जारी है. असल में ऐसी आशंका जताई गई है कि कुछ चाइनीज ऐप्स से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है तो कुछ ऐप डेटा शेयरिंग और प्राइवेसी के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं.

