केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी की घोषणा की। इस बढ़ोतरी के साथ ही अब DA मूल वेतन के 42% से बढ़कर 45% हो गया है। इस बढ़ोतरी से 1 करोड़ से अधिक केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का एरियर भी मिलने की उम्मीद है।
महंगाई भत्ते की गणना अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर की जाती है और इसे जीवन यापन की लागत में उतार-चढ़ाव के अनुसार समायोजित करने के लिए शामिल किया जाता है। DA को हर 6 महीने में संशोधित किया जाता है।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने दिवाली से पहले महंगाई भत्ते की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य में महंगाई भत्ता अब मूल वेतन का 50 प्रतिशत हो जाएगा। साय ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि दिवाली का त्योहार नजदीक है और ऐसे में उनकी सरकार ने महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला किया है। इससे यह केंद्र सरकार के बराबर हो जाएगा।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस फैसले से राज्य सरकार के करीब 3.90 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। यह वृद्धि इस साल एक अक्टूबर से प्रभावी होगी। इससे पहले मार्च की शुरुआत में साय सरकार ने महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि की थी, जिससे यह मूल वेतन का 46 प्रतिशत हो गया था।

